टॉप सीक्रेट लाइन: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के पावरफुल मंत्री संजीव अरोड़ा पर फिर से ED ने रेड की है। यह रेड चंडीगढ़ में उनके सरकारी घर, दिल्ली और गुरुग्राम के ठिकानों में हुई है। चंडीगढ़ में ED टीम की 15 से 20 गाड़ियां एक साथ पहुंची और पूरे घर को घेर लिया। इसके बाद बाहर सीआरपीएफ के जवानों को तैनात कर दिया।
मंत्री संजीव अरोड़ा पर इस साल में तीसरी और महीने में दूसरी बार ई डी ने रेड की है। ED सोर्सेज के मुताबिक 4 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। इसमें सरकारी घर के साथ हैंपटन स्काई रियलिटी लिमिटेड के ऑफिस पर भी रेड हुई है। ई डी सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि संजीव अरोड़ा ने अपनी कंपनी के जरिए मोबाइल फोन की 100 करोड़ रुपए से अधिक की फर्जी GST खरीद दिखाकर बड़े स्तर पर मनी लॉन्ड्रिंग की। इसके बाद दुबई से भारत में अवैध रकम की राउंड-ट्रिपिंग के लिए इन सामानों के निर्यात यानी एक्सपोर्ट का इस्तेमाल किया।
जांच एजेंसी के अनुसार, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और एक्सपोर्ट पर GST रिफंड तथा ड्यूटी ड्रॉबैक लेने के लिए दिल्ली की गैर-मौजूद फर्मों से कई फर्जी GST खरीद बिल हासिल किए गए। इससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा और व्यक्तिगत लाभ कमाया गया। ई डी रेड से पंजाब की आप सरकार गुस्से में आ गई है। सी एम भगवंत मान ने संगरूर में कहा कि पंजाब की तरफ आंख उठाकर मत देखना, पंजाबी आंखें निकाल देंगे। ई डी रेड का मकसद ब्लैक मनी पकड़ना नहीं बल्कि भाजपा ज्वाइन करवाना है। कुछ दिन पहले अशोक मित्तल के घर रेड की। 2 दिन रेड चली, तीसरे दिन मित्तल ने भाजपा ज्वाइन कर ली।
सीएम ने कहा- मोदी जी को अब तक एक ही बार झुकना पड़ा, एक ही बार यूटर्न लेकर माफी मांगनी पड़ी। तब भी पंजाब ने ही कृषि कानूनों पर झुकाया। सीएम ने कहा- BJP का असली मतलब भारत जलाओ पार्टी है।
